लंदन। फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने हाल ही में महिलाओं द्वारा उनका तिरस्कार किए जाने पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए स्वयं की संवेदनशीलता उजागर की है।
वेबसाइट 'द सन डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक 24 वर्षीय रोनाल्डो का कहना है कि मुझे कई बार चोट पहुंची है और मेरा दिल दु:खा है। महिलाओं ने कई बार मेरे साथ रिश्ते खत्म किए हैं। उन्होंने कहा कि वह हर बार इन आघातों से उबर आते हैं इसलिए वह बहुत भाग्यशाली हैं।
अपनी अंग्रेजी अच्छी करने में मदद मिलने के लिए वह अपनी पूर्व महिला मित्र गीम्मा एटकिनसन को धन्यवाद देते हैं।
उन्होंने उच्चवर्गीय पेरिस हिल्टन के साथ बिताए समय का भी जिक्र किया।
रोनाल्डो ने स्वयं के अभिमानी होने की बात को नकार दिया। उनका कहना है, "मैं रोमांटिक और संवेदनशील हूं। मेरी मां का कहना कि मैं स्वयं के साथ सच्चाई बरतूं। जो मुझे पसंद करता है वह मेरी तरह ही मुझे पसंद करे और जो नहीं करता है वह न करे। मैं अपनी नींद नहीं खोना चाहता हूं।"


