नई दिल्ली। अगर आप सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक का इस्तेमाल करते हैं, तो जरा संभल जाइए। अगर आप अपना पासवर्ड बदलने की सोच रहे हैं, तो इससे पहले कई बार सोच लें, क्योंकि एक गलत क्लिक आपको परेशानी में डाल सकता है। ऐसा होने पर आप एक ऐसे वायरस का शिकार हो जाएंगे, जो कि खुद पासवर्ड बन कर आपकी आईडी पर कब्जा जमा लेता है।
साइबर क्राइम एक्सपर्ट विवेक वोहरा के मुताबिक यह वायरस आपको नया पासवर्ड बनाने के लिए पूछता है और आप जैसे ही इस ई-मेल पर क्लिक करते हैं, यह ट्राजन होर्स फाइल आपकी आईडी पर कब्जा कर लेता है। इसके बाद जब भी आप अपने जी-मेल या फेसबुक अकाउंट में लॉग-इन करने के लिए पासवर्ड डालते हैं, तो वह काम नहीं करता और हमेशा पासवर्ड को गलत करार देता है। जालसाजी करने के लिए आजकल हैकर इस तरह के कदम उठा रहे हैं। वोहरा ने कहा कि साइबर अपराधी इन नए-नए तरीके के वायरसों को इस्तेमाल कर, लोगों की ई-मेल आईडी हैक कर उससे जुड़ी हर जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
आप मुसीबत में फंस सकते हैं
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय किसी भी लिंक को बिना अच्छी तरह पढ़े क्लिक नहीं करना चाहिए। नहीं तो आप अनजान मुसीबत में फंस सकते हैं। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी फेसबुक के एक अकाउंट को हैक कर उसके जरिये आपत्तिजनक चीजें पोस्ट कर दी गईं, जिसके बाद फेसबुक ने जांच के बाद साफ किया कि नकली ई-मेल को फेसबुक टीम की ओर से नहीं भेजा गया था। फेसबुक ने कहा था कि यह वायरस किसी हैकर द्वारा भेजा गया था, क्योंकि उन्होंने पासवर्ड बदलने के लिए कभी कोई अटैचमेंट नहीं भेजा। वोहरा ने कहा कि यदि आपने फेसबुक से नया पासवर्ड नहीं मांगा है, तो कभी भी पासवर्ड रिसेट ई-मेल के किसी लिंक पर क्लिक ना करें।


