एमआईसी सदस्यों ने पार्टी को सफाई दी
जवाहर मार्ग पर एलिवेटेड पुल के लिए जल्दी मचा रही महापौर उमाशशि शर्मा को शायद अहसास नहीं है कि पार्टी ने जनता के विरोध को भांप लिया है और अब मामला कोर कमेटी में विचार के लिए पेश होगा। जनता का विरोध देख कई एमआईसी सदस्यों ने वरिष्ठ नेताओं को खड़खड़ाया कि हमारा समर्थन नहीं है। उधर महापौर ने पुल के बारे में कहा है कि इससे सुविधा होगी और विरोध बेवजह किया जा रहा है।
इंदौर : नगर प्रतिनिधि
जवाहर मार्ग पर एलिवेटेड पुल के प्रस्ताव पर भाजपा में सोच-विचार शुरू हो गया है कि कहीं यह राजवाड़ा के बगीचे सा गले न पड़ जाए और पार्टी को चुनावी नुकसान उठाना पड़े। शहर की एक बड़ी आबादी जवाहर मार्ग से प्रभावित होती है।
पिछली बार राजवाड़ा की सड़क बंद कर तब के नेताओं ने जनता का समर्थन खोया था और बड़ा नुकसान पार्टी को हुआ था कि दो लाख के अंतर से निगम चुनाव से छह महीने पहले जीती सुमित्रा महाजन के मुकाबले उमाशशि शर्मा तमाम तरीकों के बाद भी महज बीस हजार से जीत पाई थीं और इस बार तो पार्टी की शहर में हालत खस्ता है और सुमित्रा महाजन महज ग्यारह हजार वोटों से जीत सकी हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि पुल के मामले में एमआईसी में भी मतभेद हैं और मंत्री गुट के एमआईसी सदस्यों के अलावा महापौर गुट के अनिल बिंदल जैसे तीन सदस्य भी पार्टी को बता चुके हैं कि हमने प्रस्ताव का हर बार विरोध किया था कि जल्दबाजी में निर्णय न लिया जाए। बताते हैं कि पुल का मुद्दा कोर कमेटी में विचार के लिए पेश होगा।
पुल तो बनेगा- महापौर
महापौर उमाशशि शर्मा ने इस प्रतिनिधि से चर्चा में कहा कि कुछ लोग अपने निजी स्वार्थों के कारण गलत जानकारियां देकर विरोध करा रहे हैं और पुल तो बनेगा।
महापौर ने कहा कि दोनों ओर पर्याप्त सड़क आने-जाने के लिए रहेगी और जिन लोगों को सीधे राजमोहल्ला से पटेल ब्रिज जाना होगा, वो आराम से जा सकेंगे। महापौर ने यह भी कहा कि जवाहर मार्ग के मंदिर-मस्जिद नहीं छेड़े जाएंगे और कारों का पार्किंग पूरी तरह बंद कर यातायात को सुगम बनाने की व्यवस्था होगी।
महापौर ने यह भी बताया कि प्रेमसुख, बजाजखाना और राजमोहल्ला में कारों का पार्किंग होगा। महापौर ने बताया कि हैदराबाद में साठ फुट चौड़ी सड़क पर एलिवेटेड ब्रिज बनाया गया है।






